28 C
Lucknow
Friday, September 11, 2026

पति की हत्या के बाद न्याय के लिए दर-दर भटक रही विधवा

Must read

– कादरीगेट थाने में मुकदमा दर्ज कराने की लगाई गुहार

फर्रुखाबाद। थाना कादरीगेट क्षेत्र की निवासी रागिनी शाक्य ने अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन को प्रार्थना पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि उनके पति रोहित शाक्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मारपीट के बाद मृत्यु हो जाने के बावजूद पुलिस अब तक मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, रागिनी शाक्य का आरोप है कि 6 जुलाई 2026 को कादरीगेट नरकसा निवासी पवन पुत्र तोताराम अपने दो अज्ञात साथियों के साथ उनके पति रोहित शाक्य को जरूरी काम का बहाना बनाकर घर से बुलाकर ले गया। आरोप है कि रोहित अपने साथ टैक्सी बिक्री के ₹1.35 लाख तथा घर में रखे ₹20 हजार लेकर नई गाड़ी खरीदने की बात कहकर निकले थे। उसी शाम राममनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद से सूचना मिली कि रोहित गंभीर हालत में भर्ती हैं।

रागिनी का कहना है कि अस्पताल पहुंचने पर उनके पति के पास कोई पैसा नहीं था और उनके साथ बुरी तरह मारपीट की गई थी। गंभीर हालत के चलते उन्हें पहले कानपुर और बाद में ट्रॉमा सेंटर, केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों का आरोप है कि यह घटना सुनियोजित षड्यंत्र का परिणाम है।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना की शुरुआत कादरीगेट थाना क्षेत्र से होने के बावजूद जब उन्होंने थाना कादरीगेट में मुकदमा दर्ज कराने की मांग की तो पुलिस ने यह कहकर टाल दिया कि घटना उनके थाना क्षेत्र की नहीं है। रागिनी का कहना है कि उनके पति को घर से बुलाकर ले जाया गया था, इसलिए मामला कादरीगेट थाने में दर्ज किया जाना चाहिए था, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिल सका है।

रागिनी शाक्य ने अपर पुलिस महानिदेशक से मामले में हस्तक्षेप कर थाना कादरीगेट में मुकदमा दर्ज कराने तथा निष्पक्ष जांच के निर्देश देने की मांग की है। उन्होंने अपने प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, उप मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव गृह, पुलिस महानिदेशक तथा जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को भी भेजकर न्याय दिलाने की अपील की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article