– बोलीं,चढ़ावा चोरी से पेपर लीक तक, सब भ्रष्टाचार का नतीजा
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन और उससे जुड़े घटनाक्रम को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी करते हुए कहा कि छात्रों के मुद्दे का राजनीतिकरण कर दिया गया है और अब यह मामला सरकार से सीधे टकराव का रूप ले चुका है।
मायावती ने कहा कि सड़क से लेकर संसद तक इस मुद्दे को लेकर जबरदस्त हंगामा हो रहा है। उनका कहना है कि छात्रों की वास्तविक समस्याओं का समाधान निकालने के बजाय राजनीतिक दल इसे अपने-अपने हितों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे देश के कई राज्यों में जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।
बसपा प्रमुख ने अपने बयान में भ्रष्टाचार के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला हो या फिर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक के मामले, ये सभी भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम हैं।
मायावती ने सरकार से मांग की कि छात्रों से जुड़े मुद्दों का राजनीतिकरण करने के बजाय पारदर्शी और निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाए बिना ऐसी घटनाओं पर रोक लगाना संभव नहीं है।


