गोरखपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को गोरखपुर में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन के माध्यम से संगठन को चुनावी मोड में उतारने की शुरुआत कर दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह पहुंचकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उनके मंच पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने “जय श्रीराम” के नारों से पूरा सभागार गूंजा दिया।
सम्मेलन में गोरखपुर शहर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के 892 बूथ अध्यक्ष शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने बूथ स्तर के संगठन को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को मजबूत करने, केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने बताया कि प्रदेशभर में एक साथ बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इन सम्मेलनों का उद्देश्य संगठन को और अधिक सक्रिय बनाना तथा चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देना है।
सम्मेलन के लिए बूथ अध्यक्षों को विशेष निर्देश दिए गए थे कि वे अपने पालक, दो पूर्व वरिष्ठ पदाधिकारियों और दो वर्तमान वरिष्ठ पदाधिकारियों के नाम के साथ पंजीकरण कराएं। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष के बैठने की व्यवस्था बूथ संख्या के अनुसार की गई, ताकि संगठनात्मक जानकारी का पूरा रिकॉर्ड तैयार किया जा सके।


