फर्रुखाबाद। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने तथा पुलिसिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने रविवार रात 10 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बड़ा फेरबदल किया है। स्थानांतरण आदेश जारी करते हुए सभी उपनिरीक्षकों को अपनी नवीन तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। तबादले के बाद कई महत्वपूर्ण चौकियों और पुलिस इकाइयों की जिम्मेदारी नए अधिकारियों को सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार उपनिरीक्षक विनोद कुमार को पुलिस लाइन से प्रभारी चौकी याकूतगंज, कोतवाली फतेहगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं याकूतगंज चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार को पुलिस लाइन भेजा गया है। इस बदलाव के साथ याकूतगंज चौकी की जिम्मेदारी अब विनोद कुमार संभालेंगे।
इसी क्रम में उपनिरीक्षक शिव कुमार को प्रभारी सेंट्रल जेल, कोतवाली फतेहगढ़ से स्थानांतरित कर प्रभारी कुआंखेड़ा, कोतवाली कायमगंज बनाया गया है। जबकि जितेंद्र कुमार को प्रभारी कुआंखेड़ा से हटाकर प्रभारी सेंट्रल जेल, कोतवाली फतेहगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मोहम्मदाबाद क्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। उपनिरीक्षक कपिल कुशवाहा को थाना मोहम्मदाबाद से स्थानांतरित कर प्रभारी ताजपुर चौकी, थाना मोहम्मदाबाद बनाया गया है। वहीं उपनिरीक्षक हरीश कुमार को थाना मोहम्मदाबाद से प्रभारी फैजबाग चौकी, थाना शमशाबाद की जिम्मेदारी दी गई है।
कायमगंज और फर्रुखाबाद में भी नई तैनाती हुई है। उपनिरीक्षक अरविंद कुमार को कोतवाली कायमगंज से प्रभारी मंडी, कोतवाली कायमगंज बनाया गया है। वहीं ज्ञान प्रकाश पाण्डेय को कोतवाली फतेहगढ़ से प्रभारी रेलवे रोड, कोतवाली फर्रुखाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार को प्रभारी फैजबाग, थाना शमशाबाद से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं उपनिरीक्षक वीर सिंह यादव को कोतवाली फतेहगढ़ से प्रभारी सरह चौकी, कोतवाली फतेहगढ़ बनाया गया है।
एसपी आरती सिंह ने 10 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले, कई चौकी प्रभारियों का फेरबदल


