34.2 C
Lucknow
Wednesday, July 22, 2026

बारिश बनी बिजली व्यवस्था की परीक्षा,72 गांव अंधेरे में डूबे

Must read

 

कमालगंज (फर्रुखाबाद)। मंगलवार देर रात हुई तेज बारिश ने कमालगंज क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के दौरान विद्युत लाइनों में कई स्थानों पर फाल्ट आने से कमालगंज विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 72 गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। पूरी रात ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर रहे, जबकि उमस भरी गर्मी और पेयजल संकट ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी।

बिजली आपूर्ति बाधित होने से घरों में लगे इन्वर्टर भी जवाब दे गए। मोटरें बंद रहने से पेयजल की समस्या खड़ी हो गई और कई परिवारों को पूरी रात बिना बिजली के गुजारनी पड़ी। ग्रामीणों का कहना है कि हर बार बारिश होते ही बिजली व्यवस्था चरमरा जाती है, लेकिन विभाग स्थायी समाधान नहीं कर पा रहा है।

बुधवार सुबह से ही विद्युत विभाग की टीमें विभिन्न स्थानों पर फाल्ट तलाशने और आपूर्ति बहाल करने में जुट गईं। कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत शुरू कर दी, ताकि जल्द से जल्द प्रभावित गांवों में बिजली आपूर्ति सामान्य की जा सके।

उपखंड अधिकारी (एसडीओ) रवि कुमार पांडे ने बताया कि देर रात हुई तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर विद्युत लाइन में फाल्ट आ गया था, जिससे 72 गांवों की आपूर्ति बाधित हुई। विभाग की टीमें लगातार मौके पर काम कर रही हैं और जल्द ही सभी गांवों में बिजली बहाल कर दी जाएगी।

लगातार हो रही बारिश के बीच बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जर्जर लाइनों के नवीनीकरण और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि हर मानसून में होने वाली इस परेशानी से राहत मिल सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article