मायके में मौत, पिता ने पति समेत ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप
कंपिल (फर्रुखाबाद)। कंपिल थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर पलनापुर में दहेज प्रताड़ना से परेशान एक विवाहिता की मायके में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने पति और ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग, लगातार मारपीट और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका वंदना के पिता बृजेश चंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री का विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व कायमगंज के मोहल्ला नोनियमगंज निवासी अनिकेत पुत्र सुरेंद्र के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर वंदना को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा था।
परिजनों का आरोप है कि पति अनिकेत शराब के नशे में आए दिन वंदना के साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट करता था। परिवार सामाजिक मान-मर्यादा के कारण लंबे समय तक चुप रहा, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका। आरोप है कि करीब दस दिन पहले पति ने वंदना के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसे घायल अवस्था में ही घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह अपने मायके में रहकर उपचार करा रही थी।
बुधवार तड़के करीब चार बजे उपचार के दौरान वंदना की मायके में ही मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना ससुराल पक्ष को दी गई, लेकिन कोई भी अंतिम दर्शन के लिए नहीं पहुंचा। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतका अपने पीछे दो मासूम पुत्र छोड़ गई है। बड़ा बेटा लगभग पांच वर्ष और छोटा करीब ढाई वर्ष का है, जो फिलहाल अपने पिता के साथ ससुराल में रह रहे हैं।
सूचना मिलने पर कंपिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हल्का क्षेत्र के उपनिरीक्षक उमेश कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


