29.9 C
Lucknow
Tuesday, July 21, 2026

पुरानी रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या

Must read

 

फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के नगला बंधौआ गांव में पुरानी रंजिश के चलते 30 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक की पहचान शैलेश पुत्र सूरज (30) निवासी नगला बंधौआ के रूप में हुई है। अस्पताल प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी तेज सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई।

मृतक के भाई अखिलेश कुमार ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले आरोपित पक्ष ने उनके बहनोई के साथ भी मारपीट की थी। शिकायत करने पर आरोपितों के परिवार ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। उनका आरोप है कि उसी पुरानी रंजिश के चलते सोमवार रात गांव के एक दबंग और उसके साथियों ने घर के पीछे शैलेश को घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और अपने सात भाइयों तथा पांच बहनों में एक था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी तेज सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article