29.3 C
Lucknow
Tuesday, July 21, 2026

लोहिया अस्पताल का सीएमएस ने किया औचक निरीक्षण

Must read

 

 

महिला वार्ड में बिना चादर मिले बेड, कई खामियों पर जताई नाराजगी

फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय में मंगलवार सुबह मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. जगदीश शर्मा ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई कमियां सामने आईं, जिन पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

सीएमएस ने सबसे पहले ओपीडी का निरीक्षण किया और महापर्चा काउंटर तथा आयुष्मान मित्र से मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद हेल्थ एटीएम का निरीक्षण किया, जहां प्रशिक्षु स्टाफ नर्स ने बताया कि मशीन का ताला नहीं खुल रहा है। इस पर सीएमएस ने तत्काल ताला खुलवाकर मशीन को चालू कराने के निर्देश दिए।

इमरजेंसी वार्ड के निरीक्षण के दौरान ड्यूटी बोर्ड पर डॉक्टरों और फार्मासिस्टों के नाम अंकित नहीं पाए गए। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तुरंत नाम दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशिक्षु स्टाफ नर्स को बायोमेडिकल वेस्ट के उचित प्रबंधन के संबंध में आवश्यक जानकारी भी दी।

बच्चा वार्ड में भर्ती मरीजों के तीमारदारों से बातचीत कर सीएमएस ने स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया और वार्ड में बेहतर वेंटिलेशन के लिए एग्जॉस्ट फैन लगाने के निर्देश ठेकेदार को दिए। पुरुष वार्ड में मरीजों के बेड पर तीमारदारों के बैठे मिलने पर उन्होंने आपत्ति जताई और उन्हें स्टूल का उपयोग करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महिला वार्ड में कई बेड बिना चादर के मिले। इस पर सीएमएस ने तत्काल सभी बेड पर साफ चादरें बिछाने और वार्ड की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जेरियाट्रिक वार्ड में भर्ती मरीजों का हालचाल भी जाना।

सीएमएस डॉ. जगदीश शर्मा ने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। सभी स्वास्थ्य कर्मियों को व्यवस्थाओं में सुधार और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article