ट्रेड डील के विरोध में किसानों का कूच, शंभू बॉर्डर सील, सुरक्षा कड़ी
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में किसान संगठनों ने किसान महापंचायत का आयोजन किया। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, तमिलनाडु, केरल और तेलंगाना सहित कई राज्यों से किसान संगठनों के प्रतिनिधि दिल्ली पहुंचे। महापंचायत को देखते हुए दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई, जबकि शंभू बॉर्डर को सील कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
दिल्ली के किसान घाट पर आयोजित महापंचायत में शामिल होने जा रहे भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी गुट) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी को कुरुक्षेत्र में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। किसान नेताओं का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद उन्हें दिल्ली पहुंचने से रोका जा रहा है। वहीं हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर पर बैरिकेडिंग, सीमेंट ब्लॉक और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर किसानों की आवाजाही रोक दी।
किसान संगठनों का कहना है कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील से अमेरिका से सस्ते कृषि उत्पादों के आयात का रास्ता खुल जाएगा, जिससे देश के छोटे और मध्यम किसानों, पशुपालकों तथा कृषि आधारित कारोबार पर गंभीर असर पड़ेगा। किसानों ने आशंका जताई कि यदि यह समझौता लागू हुआ तो भारतीय कृषि क्षेत्र प्रतिस्पर्धा में कमजोर पड़ जाएगा और किसानों की आय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इसी मुद्दे को लेकर विभिन्न किसान संगठनों ने “देश बचाओ मोर्चा” के बैनर तले विरोध तेज करने का निर्णय लिया है।
महापंचायत और प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से सत्याग्रह मार्ग, वेलोड्रोम रोड, राजघाट डीटीसी डिपो रोड तथा आसपास के मार्गों से बचने की अपील की है। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी गई है।
किसान संगठनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


