राहुल-खरगे का पीएम मोदी को पत्र, स्वतंत्र जांच और जवाबदेही की मांग
नई दिल्ली। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। दोनों नेताओं ने ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन की स्वतंत्र जांच, खातों को सार्वजनिक करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।
पत्र में कहा गया है कि लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था और विश्वास के साथ राम मंदिर में दान दिया था, लेकिन कथित चोरी की खबरों से वे स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने लिखा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद संसद में ट्रस्ट के गठन की घोषणा हुई थी और इसके सदस्यों की नियुक्ति केंद्र सरकार की ओर से की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट से जुड़े कई सदस्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) से जुड़े रहे हैं, इसलिए इस मामले में सरकार की जवाबदेही बनती है।
राहुल गांधी और खरगे ने प्रधानमंत्री से तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली, ट्रस्ट के वित्तीय मामलों, नकद, सोना, चांदी और अन्य चढ़ावे के प्रबंधन की स्वतंत्र एवं व्यापक जांच कराई जाए। दूसरी, जांच रिपोर्ट और ट्रस्ट के खातों को सार्वजनिक किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को उनके दान के उपयोग की पूरी जानकारी मिल सके। तीसरी, जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ उनके पद या प्रभाव की परवाह किए बिना सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस ने पत्र में प्रधानमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतने संवेदनशील मामले में सरकार का मौन उचित नहीं है। वहीं, यह मामला अब राष्ट्रीय राजनीति का नया मुद्दा बन गया है और संसद के मॉनसून सत्र में भी इस पर जोरदार बहस होने की संभावना है।


