भारतीय सेना ने सोमवार को रक्षा बलों के लिए ‘भारत राइस’ लॉन्च किया। इसका उद्देश्य सैनिकों को बेहतर गुणवत्ता वाला चावल उपलब्ध कराना और राशन की गुणवत्ता में सुधार करना है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह पहल डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सप्लाइज एंड ट्रांसपोर्ट की अगुवाई में सैनिकों से मिले लगातार फीडबैक के आधार पर शुरू की गई है।
भारत राइस को रक्षा बलों के तय मानकों के अनुसार तैयार किया जाएगा। वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान इसकी सप्लाई नेफेड (NAFED) के जरिए की जाएगी। रक्षा मंत्रालय के बयान के अनुसार, चावल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी जांच की जाएगी। इसमें बाहरी चीजें और गंदगी नहीं होगी तथा टूटे, खराब और रंगहीन दानों की मात्रा न्यूनतम रखी जाएगी।
वहीं, भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस में अपनी आखिरी फाइटर जेट उड़ान भरी। वह 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। भारतीय वायु सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस उड़ान का वीडियो साझा किया और इसे एक ऐसे लड़ाकू पायलट की नेतृत्व भावना का प्रतीक बताया, जो हमेशा आगे रहकर नेतृत्व करने में विश्वास रखता है।
यह उड़ान जोधपुर एयर फोर्स स्टेशन पर आयोजित ‘एक्सरसाइज तरंग शक्ति’ के दौरान भरी गई थी। वायु सेना ने अभ्यास के दौरान मित्र देशों के विमानों और सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम के साथ उड़ान भरते हुए एपी सिंह की तस्वीरें भी साझा कीं। तेजस में उनकी आखिरी उड़ान उनके लंबे विमानन करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव रही।


