फर्रुखाबाद।जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी विभाग ने मंगलवार को शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। अभियान का उद्देश्य अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाना है।
निरीक्षण के दौरान सिविल लाइन नवदिया स्थित देशी शराब की दुकान, जिला जेल चौराहा स्थित देशी शराब की दुकान और जिला जेल चौराहा मॉडल शॉप की जांच की गई। अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से बिक्री और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता परखी। देशी शराब की दुकानों की कैंटीन की भी सघन जांच की गई।
जिला आबकारी अधिकारी ने अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने और शासन के निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि स्टॉक में गड़बड़ी या अन्य अनियमितता मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा।


