क्रासर
मुख्य मार्ग और त्रिपोलिया चौक पर दिखे पुलिसकर्मी, लेकिन राम बारात के कई स्थानों पर नहीं नजर आई पुलिस की मौजूदगी
फर्रुखाबाद। राम बारात के दौरान इस बार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए। आयोजन के दौरान अलग-अलग स्थानों पर मारपीट की घटनाएं सामने आईं, जिनमें कई लोगों के चोटिल होने की जानकारी है। आरोप है कि राम बारात के दौरान कई जगहों पर विवाद बढ़ने के बावजूद पुलिसकर्मी मौके पर दिखाई नहीं दिए। इससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चर्चा होती रही।
बताया गया कि राम बारात के मुख्य मार्ग और त्रिपोलिया चौक पर पुलिस के जवान तैनात नजर आए, लेकिन इसके अलावा जुलूस के कई स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी दिखाई नहीं दी। इसी बीच कुछ स्थानों पर विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई जगहों पर लोगों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और बेल्ट से भी मारपीट की गई। घटनाओं में कई लोगों को चोटें आईं।
राम बारात जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में आयोजन के दौरान अलग-अलग स्थानों पर मारपीट की घटनाएं सामने आने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा रही कि जब मुख्य मार्ग और प्रमुख चौराहे पर पुलिसकर्मी मौजूद थे, तो राम बारात के अन्य हिस्सों में भी सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया जाना चाहिए था, ताकि विवाद की स्थिति में तत्काल हस्तक्षेप किया जा सके।
फिलहाल मारपीट की घटनाओं में घायल लोगों की सही संख्या, विवाद के कारण और पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। इन घटनाओं को लेकर पुलिस का आधिकारिक पक्ष भी सामने आना बाकी है।
राम बारात में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, जगह-जगह मारपीट; कई लोग चोटिल


