राजाजीपुरम में ग्रीन फील्ड स्कूल के सामने हुई घटना, तालकटोरा थाने में अज्ञात के खिलाफ FIR
लखनऊ। राजाजीपुरम क्षेत्र में एक स्ट्रीट डॉग को गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना ग्रीन फील्ड स्कूल के सामने की बताई जा रही है। गोली मारने की घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया।
मामले में तालकटोरा थाने में अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने पशु क्रूरता से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
वायरल सीसीटीवी फुटेज में एक युवक द्वारा स्ट्रीट डॉग को गोली मारते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों में नाराजगी बताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।


