गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को गाजियाबाद के घंटाघर स्थित रामलीला मैदान में सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उनके स्वागत के लिए बैंड-बाजे के साथ भव्य तैयारियां की गई थीं। कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
रक्षामंत्री के मंच पर पहुंचने के दौरान भाजपा के दो कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हो गई। मंच पर जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ देर के लिए चर्चा का विषय बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराया। कार्यक्रम में गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक और पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में शहर के अलग-अलग इलाकों से सेवा ज्योति यात्राएं रामलीला मैदान पहुंचीं। विद्यार्थियों की बड़ी संख्या के चलते मैदान में काफी भीड़ रही। राजनाथ सिंह ने जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से भी मुलाकात की। वह 2009 से 2014 तक गाजियाबाद लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं।
इस बीच तेज धूप में कार्यक्रम में आई कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई। एक छात्रा के मुताबिक उसके कॉलेज से 35 छात्राएं कार्यक्रम में पहुंची थीं। छात्रा ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम स्थल पर खाने और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं थीं। तेज धूप के कारण कई छात्राओं की तबीयत खराब हुई, जिसके बाद उन्हें वापस भेजना पड़ा। छात्रा ने सवाल उठाया कि यदि पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी तो छात्राओं को कार्यक्रम में क्यों बुलाया गया।
रक्षामंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के मुताबिक कार्यक्रम स्थल पर एसीपी, थाना प्रभारी, ट्रैफिक पुलिस और अन्य जवानों समेत करीब 250 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। ट्रैफिक व्यवस्था के लिए भी अलग से पुलिसकर्मी तैनात रहे।


