27.2 C
Lucknow
Wednesday, October 7, 2026

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर ट्रक में घुसी अर्टिगा, 3 क्रिकेटरों की मौत

Must read

 

 

सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में तीन क्रिकेटरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में सुबह करीब पांच बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने चालक को झपकी आने की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि अर्टिगा कार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी और पीछे से ट्रक में जा घुसी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्टिगा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने कार के दरवाजे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। सभी को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन खिलाड़ियों को मृत घोषित कर दिया। तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

मृतकों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और भागलपुर निवासी अनिकेत (24) के रूप में हुई है। घायलों में देवरिया के आनंद यादव (23), राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम निवासी जयंतो शर्मा (30) शामिल हैं। सभी खिलाड़ी लखनऊ से देवरिया की ओर जा रहे थे।

घायल जयंतो शर्मा ने बताया कि हादसे के वक्त कार में सवार सभी लोग सो रहे थे। अचानक जोरदार टक्कर से उनकी नींद खुली तो कार ट्रक में घुसी हुई थी। साथी खिलाड़ी खून से लथपथ थे। इसके बाद राहगीरों ने कार के दरवाजे तोड़कर उन्हें और अन्य लोगों को बाहर निकाला।

हादसे में जान गंवाने वाले अनिकेत देवरिया के लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव के रहने वाले थे। उनके पिता अमरजीत सिंह शराब की दुकान पर सेल्समैन हैं, जबकि मां रंभा देवी गृहिणी हैं। परिवार में छोटा भाई अंकित और बहनें रिया व रिशु हैं। परिजनों के मुताबिक अनिकेत क्रिकेट खेलने में काफी अच्छा था और खेल को लेकर उसके बड़े सपने थे।

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर झपकी को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article