33.7 C
Lucknow
Monday, October 5, 2026

कारखासों पर एसपी आरती सिंह की बड़ी कार्रवाई, 15 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर क्रासर

Must read

भ्रष्टाचार की शिकायतों को लेकर पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, कई थानों के चर्चित सिपाहियों पर गिरी गाज
फर्रुखाबाद। पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने देर रात बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने जिले के विभिन्न थानों और कोतवालियों में तैनात करीब डेढ़ दर्जन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में कार्रवाई होने से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।
बताया जा रहा है कि जिन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है, उनमें कई ऐसे नाम शामिल हैं, जिनकी संबंधित थानों में लंबे समय से सक्रियता और कार्यशैली को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। एसपी की इस कार्रवाई को पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और थानों में कथित रूप से प्रभाव रखने वाले पुलिसकर्मियों पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
कार्रवाई की जद में कोतवाली फर्रुखाबाद के आरक्षी ईशू कुमार, मऊदरवाजा थाने के आरक्षी सौरभ कुमार, कादरीगेट थाने के आरक्षी रक्षपाल, आकाश सोलंकी, अभिषेक कुमार और पंकज कुमार शामिल हैं। इसके अलावा कोतवाली मोहम्मदाबाद के आरक्षी भूपेंद्र सिंह व मनीष कुमार तथा नवाबगंज थाने के आरक्षी हर्षित चौहान और किरन कुमार के खिलाफ भी लाइन हाजिर की कार्रवाई की गई है।
इसी क्रम में अमृतपुर थाने के आरक्षी अंकित कुमार व शिवम कुमार, राजेपुर थाने के आरक्षी विष्णु कुमार, कमालगंज थाने के आरक्षी तेजवीर सिंह, जहानगंज थाने के आरक्षी अनुज प्रताप सिंह, कंपिल थाने के आरक्षी अंकित कुमार, कोतवाली फतेहगढ़ के आरक्षी हरेंद्र कुमार तथा कोतवाली कायमगंज के मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार को भी लाइन हाजिर किया गया है।
दूसरी बार लाइन हाजिर हुआ तेजवीर
कार्रवाई में शामिल सिपाही तेजवीर सिंह पहले भी लाइन हाजिर हो चुका है। इससे पूर्व उसे कोतवाली फर्रुखाबाद से पुलिस लाइन भेजा गया था। कमालगंज थाना क्षेत्र के कुछ लोगों ने उसके और उसके साथी पुलिसकर्मी के खिलाफ कथित अवैध वसूली को लेकर पुलिस के उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। शिकायतों के बाद अब तेजवीर सिंह पर एक बार फिर कार्रवाई हुई है। हालांकि उसके साथ बताए जा रहे दूसरे पुलिसकर्मी पर कार्रवाई नहीं होने की चर्चा भी पुलिस महकमे में है।
थानों में प्रभाव रखने वालों पर नजर
एसपी आरती सिंह की इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य थानों में भी तैनात पुलिसकर्मियों के बीच बेचैनी बढ़ गई है। खासकर उन पुलिसकर्मियों में हड़कंप है, जिन पर थानों में प्रभावशाली भूमिका निभाने या फरियादियों से अनुचित व्यवहार की शिकायतें सामने आती रही हैं। पुलिस महकमे में चर्चा है कि आने वाले दिनों में शिकायतों और पुलिसकर्मियों की कार्यशैली की समीक्षा के आधार पर और भी कार्रवाई हो सकती है।
एसपी की इस कार्रवाई को पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही बढ़ाने और आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। एक साथ कई थानों के पुलिसकर्मियों को लाइन भेजे जाने से यह साफ संकेत गया है कि पुलिस प्रशासन अपनी छवि को लेकर गंभीर है और शिकायतों के आधार पर कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article