कर्मचारियों की बनेगी डिजिटल कुंडली
अयोध्या। राम मंदिर की आंतरिक व्यवस्था को अधिक अनुशासित और जवाबदेह बनाने के लिए कर्मचारियों की निगरानी व्यवस्था में तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है। मंदिर ट्रस्ट के सीईओ एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्र के स्तर से कर्मचारियों की जिम्मेदारी और ड्यूटी की निगरानी के लिए नई व्यवस्था तैयार की जा रही है। इसके तहत मंदिर के कर्मचारियों का डिजिटल प्रोफाइल तैयार करने की योजना है।
नई व्यवस्था में प्रत्येक कर्मचारी की नियुक्ति, पद, ड्यूटी, तैनाती, उपस्थिति और जिम्मेदारियों से संबंधित जरूरी विवरण डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज किया जाएगा। इससे किसी कर्मचारी की तैनाती और उसके जिम्मे सौंपे गए कार्य की जानकारी जरूरत पड़ने पर तत्काल उपलब्ध हो सकेगी।
ट्रस्ट की ओर से ऐसा सॉफ्टवेयर विकसित कराया जा रहा है, जिसमें कर्मचारियों से संबंधित पूरा डाटा सुरक्षित रखा जाएगा। कर्मचारी किस स्थान पर तैनात है, उसकी ड्यूटी क्या है और उसे कौन सी जिम्मेदारी दी गई है, इसका रिकॉर्ड डिजिटल सिस्टम में उपलब्ध रहेगा। इससे मैनुअल रिकॉर्ड पर निर्भरता कम करने और जिम्मेदारी तय करने में मदद मिलेगी।
ड्यूटी के दौरान गतिविधियों की भी निगरानी
नई व्यवस्था में केवल कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करना ही उद्देश्य नहीं है। उनकी ड्यूटी और तैनाती पर भी नजर रखी जाएगी। संबंधित अधिकारियों को यह जानकारी मिल सकेगी कि कर्मचारी निर्धारित स्थान पर मौजूद है या नहीं और उसे दी गई जिम्मेदारी के अनुसार काम कर रहा है या नहीं।
राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटना के बाद आंतरिक सुरक्षा और कर्मचारियों की निगरानी को लेकर ट्रस्ट ने सख्ती बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए हैं। तकनीक आधारित व्यवस्था के जरिए मंदिर परिसर में कार्यरत कर्मचारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही को स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।


