28.7 C
Lucknow
Saturday, October 3, 2026

फ्लाईदुबई विमान घटना को यूएई अधिकारी ने बताया आतंकवादी घटना

Must read

– भारतीय पायलट की बहादुरी की सराहना

दुबई। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में बुधवार को हुई घटना को संयुक्त अरब अमीरात के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आतंकवादी घटना बताया है। अधिकारी ने विमान को संभावित दुर्घटना से बचाने के लिए भारतीय विमान चालक स्मित मच्छर की बहादुरी की सराहना की है।
संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति के सलाहकार ने कहा कि स्मित मच्छर प्रशंसा के हकदार हैं। उन्होंने गंभीर आतंकवादी घटना का सामना करते हुए संभावित बड़ी दुर्घटना को टालने के लिए साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। अधिकारी ने सामाजिक माध्यम ‘एक्स’ पर संदेश जारी करते हुए कहा कि कट्टरपंथ और आतंकवाद के खिलाफ सतर्कता और सावधानी बेहद जरूरी है। उन्होंने इस घटना के बाद भविष्य में अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
घटना के बाद यह पहली बार है जब संयुक्त अरब अमीरात के किसी वरिष्ठ अधिकारी ने फ्लाईदुबई की उड़ान को कथित रूप से दुर्घटनाग्रस्त करने के प्रयास को आतंकवादी घटना बताया है।
बताया गया है कि 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान के दौरान विमान चालक स्मित मच्छर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। विमान के चालक कक्ष में हुई हाथापाई के बाद विमान का मार्ग बदलकर सऊदी अरब के तबूक की ओर कर दिया गया। विमान के सुरक्षित उतरने से पहले यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित करने में मदद की।
उड़ान में करीब 174 यात्री सवार थे। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया।
घटना के एक दिन बाद संयुक्त अरब अमीरात ने फ्लाईदुबई की उड़ान में चाकू से हमले की घटना की जांच के आदेश दिए। अधिकारियों ने कहा कि जांच में संभावित आतंकवादी संबंध सहित घटना के सभी पहलुओं को देखा जाएगा।
संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्रालय के अनुसार घटना की परिस्थितियों और कारणों की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। मंत्रालय ने कहा कि दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड-1073 का मार्ग बदलकर उसे सऊदी अरब के तबूक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया था।
विदेश मंत्रालय के अनुसार संयुक्त अरब अमीरात के महान्यायवादी डॉ. हमद अल शम्सी ने घटना की परिस्थितियों और कारणों की जांच के लिए लोक अभियोजन के विशेष सदस्यों वाली टीम गठित करने का आदेश दिया है।
मंत्रालय ने कहा कि विमान संयुक्त अरब अमीरात में पंजीकृत है और उस पर देश का ध्वज लगा हुआ है। इसलिए लागू कानूनों के तहत विमान में हुई घटना की जांच करने का अधिकार संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों के पास है। यह अधिकार उस स्थिति में भी लागू होता है जब अपराध विमान के संयुक्त अरब अमीरात की सीमा से बाहर रहने के दौरान हुआ हो।
संयुक्त अरब अमीरात ने अभी तक उस सहायक विमान चालक की आधिकारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की है, जिस पर विमान चालक स्मित मच्छर पर चाकू से हमला करने और विमान में सवार करीब 180 लोगों की जान खतरे में डालने का आरोप है।
घटना के कुछ घंटों बाद कुछ इजरायली अधिकारियों ने सहायक विमान चालक के ओमान का नागरिक होने की जानकारी दी थी। इसके बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी सहायक विमान चालक को कथित रूप से कट्टरपंथी इस्लामी विचारधारा से प्रभावित बताया था।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article