28.7 C
Lucknow
Saturday, October 3, 2026

प्रेम, क्षमा और आत्मसम्मान के बीच खड़ा एक इंसान आखिर कब तक सहता रहे?

Must read

शरद कटियार

कभी-कभी जिंदगी में कोई ऐसा व्यक्ति आता है, जो धीरे-धीरे हमारे लिए सिर्फ एक रिश्ता नहीं रहता, बल्कि हमारी भावनाओं, हमारी खुशियों और हमारी आत्मा का हिस्सा बन जाता है। उसके साथ बिताया हुआ समय अनमोल लगता है, उसकी एक मुस्कान चेहरे पर खुशी ले आती है और उसकी तकलीफ हमें अपनी तकलीफ से भी ज्यादा बड़ी लगने लगती है। हम उसके लिए बहुत कुछ छोड़ देते हैं, बहुत कुछ सह लेते हैं और उसकी छोटी-बड़ी गलतियों को यह सोचकर माफ करते रहते हैं कि आखिर वह अपना है।

लेकिन दर्द तब शुरू होता है, जब वही अपना व्यक्ति बार-बार हमें अपमानित करने लगे। बात-बात पर बेइज्जत करे, हमारी भावनाओं को ठेस पहुंचाए, हमारी अच्छाई को कमजोरी समझे और हर बार क्षमा मिलने के बावजूद अपने व्यवहार में कोई बदलाव न लाए।

पहली बार चोट लगती है तो इंसान दुखी होता है। दूसरी बार उम्मीद करता है कि शायद गलती थी। तीसरी बार समझाता है कि शायद परिस्थिति खराब थी। बार-बार होने पर भी वह खुद को यही समझाता रहता है कि एक दिन सब ठीक हो जाएगा। लेकिन जब महीनों नहीं, वर्षों तक व्यवहार नहीं बदलता, तब सवाल सामने वाले से ज्यादा स्वयं से करना पड़ता है,आखिर मैं कब तक अपने ही दिल को चोट खाने के लिए छोड़ता रहूंगा?

प्रेम बहुत सुंदर भावना है, लेकिन प्रेम का अर्थ यह नहीं कि इंसान अपनी आत्मा को लगातार पीड़ा देता रहे। क्षमा करना महानता है, लेकिन किसी को बार-बार वही चोट पहुंचाने का अधिकार देना क्षमा नहीं, बल्कि अपने आत्मसम्मान के साथ अन्याय हो सकता है।

धर्म हमें सिखाता है कि मन में किसी के लिए घृणा मत रखो। जिसने दुख दिया, उसे भी क्षमा करो। उसके लिए भी शुभकामना रखो। लेकिन अध्यात्म यह नहीं कहता कि अपनी शांति किसी ऐसे व्यक्ति के हाथों सौंप दो, जो बार-बार उसे नष्ट करता है। किसी को क्षमा करना और उसे पहले जैसा अधिकार दे देना,दो अलग बातें हैं।

आप किसी को माफ कर सकते हैं, लेकिन उससे दूरी भी बना सकते हैं। आप उसके लिए बुरा नहीं सोच सकते, लेकिन उसके व्यवहार को स्वीकार करने से इनकार कर सकते हैं। आप उसके प्रति प्रेम रख सकते हैं, लेकिन अपने जीवन में उसके लिए सीमाएं निर्धारित कर सकते हैं।

क्योंकि रिश्ते की गहराई इस बात से नहीं मापी जाती कि आपने कितना अपमान सह लिया। रिश्ते की वास्तविक गहराई इस बात से समझी जाती है कि दोनों एक-दूसरे के सम्मान और भावनाओं की कितनी रक्षा करते हैं।
सबसे ज्यादा पीड़ा तब होती है जब हम किसी को खोने के डर से खुद को खोना शुरू कर देते हैं। हम अपनी खुशी छोड़ देते हैं, अपनी शांति छोड़ देते हैं, अपनी नींद गंवा देते हैं और भीतर ही भीतर टूटते रहते हैं। बाहर से मुस्कुराते हैं, लेकिन भीतर कोई रोज थोड़ा-थोड़ा मरता रहता है।

और फिर भी हम कहते हैं,“कोई बात नहीं, वह अपना है।”
लेकिन क्या अपना होने का अर्थ यह है कि वह हमें जितनी बार चाहे तोड़ सकता है?

नहीं।अपना वह है, जिसके सामने आप स्वयं को अपने सम्मान को सुरक्षित महसूस करें। अपना वह है, जो आपकी कमजोरियों को हथियार नहीं बनाता। अपना वह है, जो गलती होने पर केवल माफ़ी मांगे , बल्कि अपने व्यवहार को बदलने की कोशिश भी करता है। क्योंकि सच्ची माफी शब्दों से नहीं, व्यवहार के परिवर्तन से साबित होती है।

यदि कोई व्यक्ति वर्षों से वही करता आ रहा है, हर बार बिना माफ़ी मांगे भी उसे माफ़ करते रहे और फिर वही दुर्व्यवहार न सिर्फ दोहराता है,बल्कि अपनी वाणी को और ख़राब निकालता है तो शायद समस्या आपकी क्षमा करने की क्षमता में नहीं, बल्कि उसकी अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने की इच्छा में है, क्योंकि उसके मन मस्तिष्क मे कभी आप के लिये सम्मान था ही नहीं, सिर्फ एक समझौता और अनुबंध था। यदि आपके लिए उसके मन में तनिक भी सम्मान अथवा प्रेम होता तो वह बार-बार अपमानित करता ही नहीं उसके मन में उसकी वाणी से कभी भी गलत शब्द निकलते ही नहीं। ऐसे समय में सबसे कठिन काम होता है,पीछे हट जाना।

क्योंकि दिल कहता है, “उसे छोड़ मत देना।”आत्मा कहती है, “बहुत सह लिया।”यादें कहती हैं, “वह कभी बहुत अच्छा था।”और वर्तमान कहता है, “लेकिन वह तुम्हें लगातार दुख दे रहा है।”यहीं मनुष्य को निर्णय लेना पड़ता है कि वह अतीत के सुंदर पलों में जीना चाहता है या वर्तमान की सच्चाई को स्वीकार करना चाहता है।

कभी-कभी दूरी नफरत नहीं होती। दूरी बदला नहीं होती। दूरी केवल आत्मा को बचाने का एक शांत तरीका होती है।
किसी के जीवन से थोड़ा पीछे हट जाना यह नहीं कहता कि आपके भीतर प्रेम समाप्त हो गया। इसका अर्थ केवल इतना हो सकता है कि आपने आखिरकार यह समझ लिया है कि प्रेम के साथ आत्मसम्मान भी जरूरी है।

ईश्वर ने मनुष्य को केवल दूसरों को प्रेम करने के लिए नहीं भेजा है। उसने उसे स्वयं के अस्तित्व का सम्मान करना भी सिखाया है। इसलिए यदि कोई व्यक्ति आपके बेहद करीब है, आपकी आत्मा से जुड़ा हुआ है, लेकिन लगातार आपको अपमानित करता है,आपमें केवल कमियां ही देखता,सदैव भावनाओं को ही कुचलता है और सैंकड़ो बार की क्षमा के बाद भी अपनी सोच में परिवर्तन नहीं लाता, तो उससे घृणा करने की आवश्यकता नहीं है।

बस अपनी सीमाएं तय कर लीजिए।उसे क्षमा कर दीजिए।
उसके लिए प्रार्थना कर दीजिए।

उसकी जिंदगी में सुख की कामना कीजिए।लेकिन अपने भीतर की शांति को उसके व्यवहार की कीमत मत बनने दीजिए।क्योंकि जिंदगी में किसी दूसरे इंसान को खो देना बहुत बड़ा दुख हो सकता है, लेकिन अपने आपको खो देना उससे भी बड़ा दुख है।

और शायद एक दिन आपको यह समझ आएगा कि जिस रिश्ते को बचाने के लिए आप वर्षों से खुद को तोड़ रहे थे, उसे बचाना आपकी जिम्मेदारी कभी थी ही नहीं।इंसान की पहली जिम्मेदारी थी,अपने भीतर उस इंसान को बचाना, जो हर चोट के बाद भी प्रेम करना जानता था।

कभी-कभी आंखों से निकलने वाले आंसू कमजोरी के नहीं होते। वे उन वर्षों की थकान होते हैं, जब इंसान किसी रिश्ते को बचाने के लिए अपनी आत्मा तक को समझाता रहा। और जब आखिरकार वह खुद को चुनता है, तब आंखें रोती जरूर हैं…लेकिन पहली बार उन आंसुओं में दर्द के साथ मुक्ति भी होती है।क्योंकि प्रेम तब पूर्ण होता है, जब उसमें क्षमा के साथ आत्मसम्मान भी जीवित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article