अगले तीन घंटे मौसम रहेगा खराब, तेज हवा के साथ बारिश की संभावना; कई जिलों में स्कूल बंद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। सचेत ऐप के माध्यम से प्राप्त सूचना के अनुसार अगले तीन घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और अचानक तेज हवा के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम को लेकर इन क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक इस दौरान हवा की गति सामान्यतः 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। कुछ स्थानों पर एक-दो जगहों पर तेज बारिश भी हो सकती है। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, झांसी, इटावा, मैनपुरी, एटा, कासगंज, सुलतानपुर, अयोध्या, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, लखनऊ, बाराबंकी, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत, रामपुर और बदायूं शामिल हैं।
विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश
खराब मौसम और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए प्रदेश के कई जिलों में विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि मौसम खराब होने की स्थिति में बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें।
आकाशीय बिजली और तेज हवा से रहें सावधान
प्रशासन ने लोगों को बारिश और आंधी के दौरान खुले स्थानों, पेड़-पौधों, बिजली के खंभों तथा कमजोर निर्माण वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है। मौसम में अचानक बदलाव की स्थिति में स्थानीय प्रशासन और मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने की अपील की गई है।
ऑरेंज अलर्ट के बीच यूपी के कई जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी


