28.6 C
Lucknow
Thursday, September 24, 2026

नीबकरोरी रेलवे स्टेशन पर बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं

Must read

रैंप-पार्किंग से लेकर पानी-रोशनी तक का होगा इंतजाम

फर्रुखाबाद। बाबा नीबकरोरी धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नीबकरोरी रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की तैयारी शुरू कर दी गई है। उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारियों ने स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और यात्रियों की बढ़ती आवाजाही के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में रैंप निर्माण, वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग तथा यात्रियों के बैठने की बेहतर व्यवस्था किए जाने पर जोर दिया गया। स्टेशन अधीक्षक चंद्रशेखर शुक्ला ने बताया कि आने वाले समय में नीबकरोरी धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्टेशन की यात्री सुविधाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है।

स्टेशन पर यात्रियों के लिए अतिरिक्त जल बूथ बनाए जाने तथा गर्मी और बारिश से बचाव के लिए टिन शेड की सुविधा बढ़ाने की भी योजना है। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों को स्टेशन पर किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए उपलब्ध संसाधनों का विस्तार किया जाएगा और जरूरत के अनुसार नई सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

इसके साथ ही मुख्य मार्ग से रेलवे स्टेशन तक पहुंचने वाले रास्ते को भी बेहतर बनाने की तैयारी है। स्टेशन तक आने वाले मार्ग पर नई सड़कें बनाई जाएंगी तथा जल निकासी के लिए सड़क के दोनों ओर नालियों का निर्माण कराया जाएगा। रात के समय यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए मार्ग के दोनों ओर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था किए जाने की योजना भी बनाई गई है।

स्टेशन के निरीक्षण के दौरान रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने बैठक कर यात्री सुविधाओं से जुड़े कई बिंदुओं पर चर्चा की। वाणिज्य निरीक्षक बीएल मीना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों का कहना है कि नीबकरोरी धाम में बढ़ती धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए रेलवे स्टेशन की सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से बेहतर किया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article