फर्रुखाबाद। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत श्रम विभाग की ओर से आवास विकास स्थित वन विभाग कार्यालय परिसर में श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में श्रमिकों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड की विभिन्न योजनाओं, पंजीयन, नवीनीकरण तथा लेबर चौक एप के संबंध में जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य शिविर में कुल 41 श्रमिक पहुंचे। सिविल चिकित्सालय लिंजीगंज की टीम ने इनमें से 13 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। चिकित्सकों की टीम ने श्रमिकों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया।
श्रम विभाग की ओर से श्रमिकों को कर्मकार बोर्ड की योजनाओं का लाभ लेने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन और नवीनीकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही लेबर चौक एप के माध्यम से पंजीयन की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।
शिविर में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. परीक्षित सफीर और मलेरिया निरीक्षक नरजीत कटियार ने श्रमिकों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। श्रमिकों को आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा न होने देने तथा मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान फाइलेरिया से पीड़ित दो मरीजों को चिन्हित किया गया। इनमें संजय पुत्र सोने लाल, रामलीला गड्ढा, फर्रुखाबाद तथा रंजीत पुत्र महावीर, जिला कारागार क्षेत्र, फर्रुखाबाद शामिल हैं। दोनों को आवश्यक दवा उपलब्ध कराई गई।
स्वास्थ्य टीम में डॉ. नवनीत गुप्ता, चीफ फार्मासिस्ट दिनेश सिंह, संजय सिंह, ईओ/ईएमओ रवि बघेल तथा एलटी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
सहायक श्रम आयुक्त नम्रता सिंह की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान के तहत आगामी दिनों में भी विभिन्न औद्योगिक एवं निर्माण स्थलों पर कैंप लगाए जाएंगे।


