जयपुर के विशेषज्ञों ने जांच कर बांटे कृत्रिम उपकरण
फर्रुखाबाद। शहर में एनएकेपी डिग्री कॉलेज के सामने आयोजित तीन दिवसीय निशुल्क दिव्यांग सहायता शिविर के तीसरे दिन गुरुवार को बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे। सुबह आठ बजे से ही शिविर में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई। जयपुर से आए विशेषज्ञों ने दिव्यांगों की जांच कर उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम उपकरण उपलब्ध कराए। शिविर के तीसरे दिन का शुभारंभ फीता काटकर किया गया।
शिविर का आयोजन एसएन साध ट्रस्ट तथा स्वर्गीय डॉ. रजनी सरीन की प्रेरणा से किया जा रहा है। फर्रुखाबाद के अलावा हरदोई, शाहजहांपुर, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी और कन्नौज समेत कई जिलों से दिव्यांग सहायता लेने पहुंचे। शिविर में पहले पंजीकरण किया गया, जिसके बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच कर प्रत्येक लाभार्थी की जरूरत के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की।
शिविर में जरूरतमंदों को कृत्रिम पैर, पोलियो प्रभावित लोगों के लिए कैलीपर, बैसाखी और कृत्रिम हाथ सहित विभिन्न प्रकार के उपकरण निशुल्क उपलब्ध कराए गए। चलने-फिरने में असमर्थ दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर की भी व्यवस्था की गई। विशेषज्ञों द्वारा जांच के बाद उपयुक्त उपकरण दिए जाने से दूर-दराज से आए लोगों को काफी राहत मिली।
शिविर में दूसरे जिलों से पहुंचे दिव्यांगों के लिए भी व्यवस्थाएं की गई हैं। सुबह से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण शिविर स्थल पर लगातार चहल-पहल बनी रही। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगों को उनकी आवश्यकता के अनुसार निशुल्क सहायता और उपकरण उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें दैनिक जीवन में सहूलियत मिल सके।
दूर-दराज के जिलों से आने वाले दिव्यांगों और उनके साथ आए लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है। शिविर की व्यवस्थाओं में राकेश साध, चमकेश साध, अमर साध, उदयपाल, रोहित और छोटू समेत कई लोग सहयोग कर रहे हैं। शिविर में पहुंचे लाभार्थियों ने निशुल्क जांच और उपकरण उपलब्ध कराने की पहल को जरूरतमंदों के लिए उपयोगी बताया।


