– सपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों का किया अभिवादन
– जगह-जगह पुष्पवर्षा और नारेबाजी
रायबरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा का रायबरेली में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही कई स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। बछरावां में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता स्वागत के लिए जुटे और नारेबाजी की।
अखिलेश यादव ने इस दौरान पीडीए को लेकर अपनी बात रखते हुए कहा कि “जो पीड़ित हैं, वो पीडीए हैं।” उनके इस बयान को पार्टी की सामाजिक न्याय की राजनीति और पीडीए —पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक—के संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है।
अखिलेश यादव लखनऊ से रायबरेली पहुंचे और बछरावां क्षेत्र के चुरुआ से पीडीए रथ पर सवार हुए। उन्होंने रथ से सड़क किनारे मौजूद लोगों और कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।
रायबरेली पहुंचने पर सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे खड़े होकर अखिलेश यादव का स्वागत किया। बछरावां कस्बे में भी पुष्पवर्षा और नारेबाजी की गई।
रथ यात्रा के दौरान अखिलेश यादव हरचंदपुर क्षेत्र में सपा विधायक राहुल लोधी के आवास भी पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात का कार्यक्रम रखा गया है।
सपा की ओर से पीडीए का अर्थ पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक बताया जाता है। रायबरेली से शुरू हुई यात्रा के दौरान पार्टी की ओर से सामाजिक न्याय और संगठन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी जा रही है। यात्रा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिले में व्यापक स्वागत की तैयारियां की थीं।


