लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और वांछितों की गिरफ्तारी पर जोर
फर्रुखाबाद। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने थाना मऊदरवाजा का निरीक्षण कर थाने की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और पुलिसिंग की स्थिति का जायजा लिया। एसपी के निरीक्षण को लेकर थाना परिसर में पुलिसकर्मी सक्रिय रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली, अपराध बुक तथा अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव और उनमें दर्ज मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी भी ली।पुलिस अधीक्षक ने साइबर हेल्प डेस्क पर आने वाली शिकायतों और उनके निस्तारण की प्रक्रिया की भी जानकारी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि पीड़ितों और फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। थाने में आने वाले लोगों के साथ व्यवहार और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।निरीक्षण के बाद सिटी सर्किल के थानों का अर्दली रूम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न थानों में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने विवेचकों से लंबित मामलों की प्रगति के संबंध में जानकारी लेते हुए प्रत्येक मामले में अब तक हुई कार्रवाई का ब्योरा जाना। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और साक्ष्यों के आधार पर उनकी कार्रवाई पूरी करते हुए समय से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।एसपी आरती सिंह ने वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर भी कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंभीर मामलों में वांछित चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। साथ ही ऐसे मामलों में पुलिस टीमों द्वारा लगातार निगरानी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने विवेचकों को निर्देशित किया कि किसी भी मामले में लापरवाही सामने नहीं आनी चाहिए और विवेचना की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने-अपने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही पीड़ितों को समय से न्याय दिलाना होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान सीओ सिटी अभय वर्मा, थाना प्रभारी मऊदरवाजा अजब सिंह सहित थाना एवं सिटी सर्किल के अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


