28.6 C
Lucknow
Thursday, September 24, 2026

आजमगढ़ में पूजा के दौरान खूनी वारदात, पांच लोगों की मौत

Must read

 

– पत्नी, बेटे और दो पुजारियों की गोली मारकर हत्या का आरोप
– पुलिस कार्रवाई में आरोपी अरविंद भी मारा गया

आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में धार्मिक अनुष्ठान के दौरान हुई गोलीबारी ने पूरे इलाके को दहला दिया। घटना में कुल पांच लोगों की मौत हुई है। पुलिस के मुताबिक, अरविंद सिंह ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, बेटे और घर में धार्मिक अनुष्ठान कराने आए दो पुजारियों पर गोली चला दी। बाद में पुलिस कार्रवाई के दौरान अरविंद भी मारा गया।
जानकारी के अनुसार अरविंद के घर में कई दिनों से धार्मिक अनुष्ठान चल रहा था। अनुष्ठान के दौरान अरविंद और वहां मौजूद पुजारियों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार इसी दौरान अरविंद ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता सिंह और दो पुजारियों की मौत हो गई। मृत पुजारियों की पहचान महेंद्र पाठक और अखिलेश मिश्रा के रूप में हुई है।
तीन लोगों की हत्या के बाद अरविंद अपने बच्चों को लेकर घर के एक कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। पुलिस ने कई घंटे तक उसे समझाने का प्रयास किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ विशेष टीमों को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार, बाद में कमरे से गोली चलने की आवाज आई। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस टीम ने कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में अरविंद घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। उसके घायल बेटे की भी उपचार के दौरान मौत होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
घटना के बाद शंभूपुर गांव में काफी देर तक तनाव की स्थिति रही। पुलिस और विशेष टीमों ने इलाके को घेर लिया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बच्चों को सुरक्षित निकालना प्राथमिकता थी और इसी वजह से आरोपी को समझाने का प्रयास किया गया।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। विवाद की वास्तविक वजह और गोलीबारी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article