इमरजेंसी में बच्चों की भीड़ से मिलेगी राहत
फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल में बीमार बच्चों की बढ़ती संख्या और मौजूदा बच्चा वार्ड के अक्सर फुल रहने की समस्या को देखते हुए नया पीडियाट्रिक वार्ड शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। अस्पताल प्रशासन ने रेन बसेरा के पास बने 20 बेड के पीडियाट्रिक वार्ड को जल्द चालू करने के निर्देश दिए हैं। वार्ड शुरू होने के बाद इमरजेंसी से भर्ती किए जाने वाले बच्चों को यहां उपचार के लिए रखा जाएगा।
इन दिनों लोहिया अस्पताल में बड़ी संख्या में बच्चे इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें बुखार और पेट संबंधी बीमारियों से पीड़ित बच्चों की संख्या अधिक बताई जा रही है। मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण मौजूदा बच्चा वार्ड में बेड कम पड़ रहे हैं। वार्ड भर जाने पर इमरजेंसी में ही बच्चों को भर्ती कर उपचार करना पड़ता है, जिससे चिकित्सकीय व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बन रहा है।
लोहिया अस्पताल पुरुष के सीएमएस ने रेन बसेरा के पास बने नए पीडियाट्रिक वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को वार्ड की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि इसे जल्द मरीजों के लिए शुरू किया जा सके।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार लाखों रुपये की लागत से तैयार किए गए इस वार्ड में 20 बेड की व्यवस्था है। कुछ समय पहले जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने भी वार्ड का निरीक्षण कर इसे शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए थे। अब अस्पताल प्रशासन ने वार्ड को उपयोग में लाने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
नया वार्ड शुरू होने के बाद इमरजेंसी में आने वाले छोटे बच्चों को, विशेषकर मौजूदा पीडियाट्रिक वार्ड के भर जाने की स्थिति में, यहां भर्ती किया जाएगा। इससे बच्चों के इलाज के लिए अतिरिक्त बेड उपलब्ध होंगे और इमरजेंसी में भीड़ का दबाव कम होने की उम्मीद है।


