– भारत मंडपम में जुटेंगे ब्रिक्स सदस्य, साझेदार और आमंत्रित देशों के नेता
– प्रधानमंत्री मोदी की सात अहम द्विपक्षीय बैठकें
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में चल रहे 18वें ब्रिक्स सम्मेलन का आज दूसरा दिन है। सम्मेलन के दूसरे दिन भारत मंडपम में ब्रिक्स सदस्य देशों के साथ साझेदार और आमंत्रित देशों के नेता एक मंच पर जुटेंगे। सुबह 9:55 बजे नेताओं के भारत मंडपम पहुंचने का कार्यक्रम है। इसके बाद 10:35 बजे ग्रुप फोटो का आयोजन होगा, जिसमें साझेदार और आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
सम्मेलन के दूसरे दिन समावेशी वैश्विक विकास सहित दुनिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श होगा। विकासशील देशों की भागीदारी, वैश्विक आर्थिक सहयोग और बदलती अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है।
ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम भी काफी व्यस्त रहेगा। प्रधानमंत्री आज विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शीर्ष नेताओं के साथ सात द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इन मुलाकातों में भारत के द्विपक्षीय संबंधों के साथ व्यापार, निवेश, विकास और आपसी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
प्रधानमंत्री मोदी की प्रस्तावित बैठकें दोपहर 2:30 बजे,कजाकिस्तान के प्रधानमंत्री के साथ बैठक।
दोपहर 3 बजे, फिलीपींस के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता।
दोपहर 3:30 बजे, मिस्र के राष्ट्रपति के साथ बैठक।
शाम 4:10 बजे — दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति के साथ वार्ता।शाम 4:40 बजे,बुरुंडी के राष्ट्रपति के साथ बैठक।
शाम 5:10 बजे, नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय मुलाकात।शाम 5:40 बजे, युगांडा की उपराष्ट्रपति के साथ बैठक।
इन बैठकों के जरिए भारत अलग-अलग देशों के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने तथा सहयोग के नए क्षेत्रों पर चर्चा करेगा। ब्रिक्स सम्मेलन के दूसरे दिन होने वाली बैठकों और चर्चाओं पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की भी नजर रहेगी।


