रास्ते जलमग्न होने से आवागमन प्रभावित, बच्चों का स्कूल जाना और ग्रामीणों का बाजार व शहर पहुंचना मुश्किल
लखनऊ। इटौंजा क्षेत्र में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के कई दर्जन गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदी का पानी बढ़ने के कारण गांवों को जोड़ने वाले कई रास्ते जलमग्न हो गए हैं, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
जलभराव के चलते ग्रामीणों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बाजार पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। वहीं शहर आने-जाने वाले ग्रामीणों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
रास्तों पर पानी भरने से बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है। अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। कई ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण आवागमन बाधित हो रहा है और जरूरी कामों के लिए भी लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जलभराव वाले रास्तों पर आवागमन की व्यवस्था कराने और प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव के इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।


