33.9 C
Lucknow
Thursday, July 9, 2026

तमंचे के बल पर दंपति से लूट, तीन वर्षीय मासूम को छीनकर बदमाशों ने उड़ाए जेवर, नकदी और मोबाइल

Must read

कंपिल/फर्रुखाबाद। कंपिल-बदायूं मार्ग पर बुधवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने एक दंपति को रोककर तमंचे के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। बदमाशों ने दंपति की तीन वर्षीय मासूम बेटी को गोद से छीनकर जान से मारने की धमकी दी और महिला के जेवर, नकदी तथा मोबाइल लूटकर फरार हो गए। राहगीरों के रुकने पर बदमाश तमंचे लहराते हुए मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला अंबेडकर नगर चिनहटपुर निवासी राजवीर शाक्य बुधवार शाम अपनी पत्नी ऋचा और तीन वर्षीय पुत्री कृतका के साथ बाइक से जनपद बदायूं के थाना उसहैत क्षेत्र स्थित गांव खिरिया में मामा की बेटी की शादी की दावत से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनका परिवार कंपिल-बदायूं मार्ग पर गांव कारव मोड़ के निकट पहुंचा, तभी अटैना की ओर से एक ही बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।
पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने आते ही तमंचा तान दिया। एक बदमाश ने उनकी तीन वर्षीय बेटी को गोद से छीन लिया और विरोध करने पर बच्ची को नुकसान पहुंचाने की धमकी देते हुए महिला से जेवर उतारने को कहा। दंपति के भयभीत होने का फायदा उठाकर बदमाश करीब एक लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, 1500 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
इसी दौरान सड़क से गुजर रहे कुछ राहगीरों के रुकने पर बदमाश तमंचे लहराते हुए अटैना की ओर भाग निकले। घटना के बाद सहमे दंपति ने अपने परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और थाना कंपिल पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पीड़ित दंपति को थाने लाकर घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़ितों से मिली तहरीर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article