लखनऊ। प्रदेश में स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 संक्रमण की जांच के नाम पर मनमानी वसूली पर रोक लगाने की तैयारी की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने जांच की अधिकतम दर निर्धारित कर दी है। इसके तहत आरटी-पीसीआर जांच की अधिकतम दर 3,000 रुपये तय की गई है।
वहीं, एसजीपीजीआई में एच1एन1 की जांच का शुल्क 2,400 रुपये निर्धारित किया गया है। इसी शुल्क को आधार बनाकर निजी क्षेत्र में जांच की दर तय की गई है।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी संचालकों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में स्वाइन फ्लू की जांच के लिए निर्धारित शुल्क का पालन सुनिश्चित करने और मरीजों से मनमानी रकम वसूले जाने पर रोक लगाने पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से तय दरों का उद्देश्य मरीजों को जांच के लिए अनावश्यक रूप से अधिक शुल्क देने से बचाना है। निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्रों को निर्धारित दर के अनुसार ही एच1एन1 की आरटी-पीसीआर जांच करने के निर्देश दिए जाएंगे।


