कानपुर। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन पर बारिश का असर लगातार देखने को मिल रहा है। ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाने वाला 30वां मुकाबला बारिश के कारण रद्द कर दिया गया। यह मुकाबला कानपुर सुपरस्टार्स और गोरखपुर लायंस के बीच होना था।
लगातार बारिश और मौसम के प्रतिकूल हालात को देखते हुए लीग के प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों को कानपुर से लखनऊ स्थानांतरित करने का फैसला लिया गया है। अब क्वालीफायर-1 और एलिमिनेटर समेत सभी नॉकआउट मुकाबले लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
लीग प्रबंधन के मुताबिक खिलाड़ियों की सुरक्षा, बेहतर खेल परिस्थितियां और मुकाबलों को बिना बारिश के व्यवधान के पूरा कराना प्राथमिकता है। लगातार बारिश के कारण ग्रीन पार्क में मुकाबले पूरे कराने में परेशानी आ रही थी, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।
प्लेऑफ के मुकाबले 3 और 4 सितंबर को, जबकि फाइनल 6 सितंबर को लखनऊ में खेला जाएगा।


