गोवा। गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई-2102 में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक इंजन में तकनीकी खराबी की सूचना मिली। इसके बाद विमान को वापस गोवा के मोपा स्थित मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे की ओर मोड़ दिया गया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने करीब 9:30 बजे पूर्ण आपात स्थिति घोषित की।
विमान ने सुबह करीब 9:16 बजे गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। इंजन में समस्या सामने आने के बाद चालक दल ने एहतियातन विमान को वापस गोवा लाने का फैसला किया। विमान ने सुरक्षित आपात लैंडिंग की। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
विमान में आई तकनीकी खराबी के कारणों और उसमें सवार यात्रियों की संख्या को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। विमान को आगे की तकनीकी जांच के लिए रखा गया है।


