90 किलोमीटर तक पुलिस को छकाते रहे आरोपी, गंगा एक्सप्रेसवे पर युवक को छोड़कर फरार
बदायूं। जिले के बिसौली कस्बे में एक युवक को कार से खींचकर मारपीट करने और जबरन स्कॉर्पियो में डालकर ले जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को करीब 90 किलोमीटर तक अपने साथ ले जाने के बाद गंगा एक्सप्रेसवे पर छोड़ दिया और फरार हो गए। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना बिसौली कोतवाली क्षेत्र के आसफपुर रोड की बताई जा रही है। आरोप है कि लल्ला बाबू अपनी कार से जा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया। इसके बाद उन्हें कार से जबरन नीचे खींच लिया और मारपीट की।
आरोपियों ने इसके बाद लल्ला बाबू को जबरन स्कॉर्पियो में डाल लिया और अपने साथ लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा शुरू किया। बताया जा रहा है कि आरोपी करीब 90 किलोमीटर तक पुलिस को दौड़ाते रहे।
पुलिस के पीछा करने की भनक लगने के बाद आरोपियों ने युवक को गंगा एक्सप्रेसवे पर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने युवक को बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अरुण, संजीव समेत चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस घटना के पीछे की वजह, आरोपियों के बीच संबंध और युवक को अगवा करने के मकसद की जांच कर रही है। साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।


