31 C
Lucknow
Saturday, August 29, 2026

500 से अधिक बहनों ने पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल को बांधी राखी

Must read

 

रक्षाबंधन पर दिखा भाई-बहन के रिश्ते का अनोखा अपनापन, हिंदू-मुस्लिम बहनों ने एक साथ मनाया पर्व

फर्रुखाबाद। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर फर्रुखाबाद में भाई-बहन के रिश्ते की अनूठी मिसाल देखने को मिली। फतेहगढ़-फर्रुखाबाद मार्ग स्थित एक विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 500 से अधिक बहनों ने पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल की कलाई पर राखी बांधी। खास बात यह रही कि इनमें हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों की बहनें शामिल रहीं। कार्यक्रम में उनकी पत्नी एवं नगर पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल भी मौजूद रहीं।

मनोज अग्रवाल और वत्सला अग्रवाल लंबे समय से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करते आ रहे हैं। दंपती की ओर से प्रतिवर्ष सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाता है, जिसमें हिंदू बेटियों का विवाह और मुस्लिम बेटियों का निकाह कराया जाता है। विवाह का खर्च भी उनके द्वारा वहन किया जाता है। यही बेटियां रक्षाबंधन के अवसर पर उन्हें अपना भाई मानकर राखी बांधने पहुंचती हैं।

इस वर्ष भी विद्यालय परिसर में सुबह से ही बहनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। बड़ी संख्या में पहुंचीं बहनों ने पुष्पवर्षा कर मनोज अग्रवाल और उनके परिवार का स्वागत किया। इसके बाद बहनों ने बारी-बारी से उनकी कलाई पर राखी बांधी और भाई की लंबी उम्र व सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे कार्यक्रम में पारिवारिक अपनापन और भाई-बहन के स्नेह का माहौल नजर आया।

राखी बंधवाने के बाद मनोज अग्रवाल और वत्सला अग्रवाल ने सभी बहनों को सम्मानपूर्वक विदाई दी। बहनों के लिए यह आयोजन केवल रक्षाबंधन का पर्व नहीं, बल्कि उस रिश्ते को निभाने का अवसर भी रहा, जो वर्षों से सामाजिक सहयोग और पारिवारिक भावनाओं के साथ जुड़ता चला आ रहा है।

पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल ने कहा कि जिन बेटियों के विवाह में वह सहयोग करते हैं और कन्यादान की जिम्मेदारी निभाते हैं, वे उन्हें सगे भाई जैसा ही प्रेम देती हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में बहनों का स्नेह और आशीर्वाद मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने इसे भगवान की कृपा बताते हुए कहा कि आज वह जो कुछ भी हैं, उसमें इन बहनों के प्रेम और आशीर्वाद की बड़ी भूमिका है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article