एसपी आरती सिंह समेत अधिकारियों की कलाई पर बांधी राखी
फर्रुखाबाद। रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित एसपी सभागार में ‘राखी विद खाकी’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं पुलिस लाइन पहुंचीं और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह समेत पुलिस अधिकारियों व जवानों की कलाई पर राखी बांधी। छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
छात्राओं ने एसपी आरती सिंह की कलाई पर राखी बांधी। एसपी ने भी छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें उपहार दिए। इस दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। सीओ अभय वर्मा समेत अन्य पुलिस अधिकारियों और जवानों ने भी छात्राओं से राखी बंधवाई। कार्यक्रम में समाजसेवी अजय यादव भी मौजूद रहे, जिन्हें छात्राओं ने राखी बांधकर सम्मान व्यक्त किया।
रक्षाबंधन कार्यक्रम के साथ छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक, अनजान फोन कॉल और फर्जी संदेशों के जरिए होने वाली धोखाधड़ी के बारे में जानकारी दी। छात्राओं को समझाया गया कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते या अन्य निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस और छात्राओं के बीच भाई-बहन जैसा आत्मीय रिश्ता देखने को मिला। राखी बांधने के साथ छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को मिठाई खिलाई और उनकी सुरक्षा सेवाओं के प्रति सम्मान जताया। कार्यक्रम ने छात्राओं के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को भी मजबूत किया।


