लखनऊ। प्रदेश में बढ़ते एच1एन1 इन्फ्लुएंजा और सीजनल फ्लू के मामलों को लेकर प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने आज चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की।
बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ), मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों (सीएमएस) तथा मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से फ्लू के मामलों की स्थिति, अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली।
बृजेश पाठक ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त दवाओं, बेड, जांच सुविधाओं और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। मरीजों को इलाज के लिए किसी तरह की परेशानी न हो और अस्पतालों में आवश्यक संसाधनों की कमी न रहने पाए।
उन्होंने अधिकारियों को एच1एन1 और सीजनल फ्लू के संदिग्ध एवं संक्रमित मरीजों की निगरानी, समय से जांच तथा आवश्यकता के अनुसार उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने आम लोगों से अपील की कि एच1एन1 और सीजनल फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने तथा संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिलों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी तरह सक्रिय रहें और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखी जाएं।


