इकरा हसन बोलीं—जाने का समय आया तो योजनाएं ला रही सरकार, महिलाओं के उत्थान के लिए कभी काम नहीं किया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की योजना पर सपा सांसद इकरा हसन ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घोषणा को चुनावी समय में मतदाताओं को लुभाने की कोशिश करार देते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
इकरा हसन ने कहा, “उत्तर प्रदेश सरकार का जब जाने का समय आ गया है, तब वे योजनाएं लेकर आ रहे हैं। ये केवल और केवल चुनावों में लुभाने का काम करते हैं।”
सपा सांसद ने सरकार पर महिलाओं के हित में पर्याप्त काम नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं के वास्तविक उत्थान और सशक्तीकरण के लिए सरकार ने कभी गंभीरता से काम नहीं किया।
उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर नई-नई योजनाओं की घोषणाएं करना जनता को आकर्षित करने की कोशिश है। उनके मुताबिक, यदि सरकार वास्तव में महिलाओं के हित को लेकर गंभीर होती तो पूरे कार्यकाल में महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाते।
60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त रोडवेज यात्रा की घोषणा के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। सत्ता पक्ष इसे वरिष्ठ महिलाओं के लिए सुविधा और सम्मान से जोड़ रहा है, जबकि विपक्ष इसे आगामी चुनाव को देखते हुए की गई घोषणा बता रहा है।
इकरा हसन के बयान से साफ है कि समाजवादी पार्टी इस योजना को चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है। उन्होंने सरकार की घोषणा पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाओं के लिए केवल योजनाओं की घोषणा पर्याप्त नहीं, बल्कि उनके उत्थान के लिए जमीन पर ठोस काम दिखाई देना चाहिए।


