27 C
Lucknow
Sunday, August 23, 2026

राष्ट्रगान के बीच मंच से उतरे विधानसभा अध्यक्ष महाना

Must read

 

उन्नाव। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के राष्ट्रगान के दौरान कार्यक्रम से चले जाने का वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। शनिवार को उन्नाव के पूरन नगर स्थित एसवीएम इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य परिषद के अधिवेशन एवं शैक्षिक संगोष्ठी में महाना मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे।

कार्यक्रम में पुलिस की ओर से प्रोटोकॉल के तहत उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद राष्ट्रगान शुरू हुआ। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि राष्ट्रगान के दौरान महाना ने तिरंगे की ओर सलामी दी, हाथ जोड़े और मंच के पीछे की ओर उतर गए। इसके बाद समर्थक उनके पास पहुंचे और पैर छुए। कुछ देर बाद वह कार में बैठकर कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए।

बताया गया कि महाना कार्यक्रम में करीब 40 मिनट तक मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने ‘शिक्षा प्रभा’ पुस्तक का विमोचन किया और प्रधानाचार्यों व शिक्षाविदों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा संस्थान देश के विकास की नींव हैं। संस्थान मजबूत होंगे तो देश भी मजबूत होगा।

आयोजकों ने दी अलग सफाई

वीडियो सामने आने के बाद उठे सवालों पर कार्यक्रम आयोजकों का कहना है कि जिस स्थान पर विधानसभा अध्यक्ष मौजूद थे, राष्ट्रगान वहां से काफी दूर बज रहा था। आयोजकों ने इसी आधार पर उनके कार्यक्रम स्थल से निकलने की स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की है। हालांकि वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

कांग्रेस नेता ने उठाया सवाल

उन्नाव कांग्रेस कमेटी के नेता दिनेश शुक्ला ने आरोप लगाते हुए सवाल किया कि जब विधानसभा अध्यक्ष ने प्रोटोकॉल के तहत गार्ड ऑफ ऑनर लिया, तो राष्ट्रगान के दौरान वहां से जाना क्या राष्ट्रगान का अपमान नहीं है? मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले 5 अगस्त को विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान भी सतीश महाना अपने पद को लेकर भावुक बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि उनकी लंबी राजनीतिक पारी अंतिम चरण में है और वह इस बात पर विचार करेंगे कि वह विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी के योग्य हैं या नहीं। अब राष्ट्रगान के दौरान कार्यक्रम से जाने का वीडियो सामने आने के बाद महाना एक बार फिर चर्चा में हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article