फर्रुखाबाद। जनपद के लिए गौरव की बात है कि सेना से सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी को अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन के लिए गठित तीन सदस्यीय चयन समिति का सदस्य बनाया गया है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही परिवार, शुभचिंतकों और जिले में खुशी की लहर दौड़ गई तथा लोगों ने मिठाई बांटकर प्रसन्नता व्यक्त की।
फतेहगढ़ के भोलेपुर निवासी ले. जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी भारतीय सेना में डायरेक्टर मैनपावर प्लानिंग एंड पर्सनल सर्विसेज के पद से 31 मई 2011 को सेवानिवृत्त हुए थे। वर्तमान में वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूतपूर्व सैनिक सेवा परिषद के अखिल भारतीय अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे हैं और परिवार के साथ नोएडा में निवास कर रहे हैं।
श्रीराम मंदिर ट्रस्ट द्वारा गठित तीन सदस्यीय समिति मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के चयन की प्रक्रिया पूरी करेगी। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी में फर्रुखाबाद के ले. जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी को शामिल किए जाने को जिले के लिए सम्मान की उपलब्धि माना जा रहा है।


