बारिश के बाद अधिकांश गलियां बनीं तालाब, संक्रमण फैलने का खतरा; प्रधान और सचिव पर लापरवाही के आरोप
कन्नौज। उमर्दा ब्लॉक के रामपुर मझिला गांव में बारिश के बाद जलभराव और गंदगी की समस्या से ग्रामीणों में आक्रोश है। गांव की अधिकांश गलियां पानी से लबालब हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी गलियों में जमा हो गया है। लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण गांव में संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। गंदगी और जलभराव के चलते ग्रामीणों को बीमारी फैलने की आशंका सता रही है।
ग्रामीणों ने गांव की बदहाल स्थिति के लिए ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद जलभराव और सफाई की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में तत्काल सफाई अभियान चलाने, जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और जलभराव वाले स्थानों पर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।


