राम बारात 15 और रावण वध 22 अक्टूबर को, जनता कॉलेज ग्राउंड में होगा मुख्य आयोजन
कमालगंज संवाददाता।
आगामी नवरात्र, दशहरा और रामलीला महोत्सव को लेकर शनिवार शाम कमालगंज थाने में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी अमृतपुर राजेश द्विवेदी ने की।
बैठक में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जनता कॉलेज स्थित रामलीला ग्राउंड में आयोजित होने वाली ऐतिहासिक रामलीला की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अजय माहेश्वरी उर्फ कल्लू ने कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस वर्ष 15 अक्टूबर को भव्य राम बारात निकाली जाएगी, जबकि 22 अक्टूबर को रावण वध का मुख्य कार्यक्रम होगा।
बैठक का मुख्य फोकस यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर रहा। कमेटी के महामंत्री शिवकुमार गोयल ने मांग रखी कि राम बारात और भरत मिलाप के दिन भारी भीड़ को देखते हुए शेखपुर गुमटी से वाहनों का डायवर्जन किया जाए। उन्होंने प्रस्ताव दिया कि वाहनों को शेखपुर से नारायनपुर गढ़िया होते हुए कोटिया चौराहे की ओर निकाला जाए, जिससे मुख्य बाजार और रामलीला मार्ग पर दबाव कम होगा। साथ ही सदस्यों ने शेखपुर बाईपास मार्ग पर बने गड्ढों को तत्काल भरवाने और मरम्मत कराने की मांग भी उठाई।
बैठक में सामाजिक सौहार्द का भी ध्यान रखा गया। मोहम्मद वसीम ने जानकारी दी कि थाने के पास स्थित हजरत कमाल खां बाबा का सालाना उर्स भी भरत मिलाप वाले दिन ही पड़ रहा है। इस पर अधिकारियों ने नवरात्र और उर्स दोनों की तैयारियों में आपसी सहयोग और शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में नगर के गणमान्य लोग, पीस कमेटी के सदस्य और पुलिस स्टाफ मौजूद रहे।


