फर्रुखाबाद। बढ़पुर विकासखंड क्षेत्र के याकूतगंज गांव में शुक्रवार को 18 वर्षीय युवती ने घर में रखा तेजाब पी लिया। तेजाब पीने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में निजी वाहन से लोहिया जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। फिलहाल युवती की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
याकूतगंज निवासी इरशाद की 18 वर्षीय बेटी मेहरवा बानो के भाई सहजान ने बताया कि उसकी बहन मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से परेशान है और उसका इलाज भी चल रहा है। घर में शौचालय की सफाई के लिए तेजाब रखा हुआ था। शुक्रवार को किसी तरह युवती ने घर में रखा तेजाब पी लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
परिजनों ने बिना देर किए युवती को अस्पताल पहुंचाया। लोहिया जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर जयसिंह ने बताया कि युवती को तेजाब पीने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। उसका तत्काल उपचार शुरू कर दिया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और वर्तमान में उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलने पर आवास विकास चौकी पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। चौकी प्रभारी दीपक राजपूत ने बताया कि लोहिया अस्पताल से एक युवती के तेजाब पीने की सूचना मिली है। पुलिस टीम परिजनों से जानकारी ले रही है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद परिवार के लोग युवती के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं और अस्पताल में उसके उपचार पर नजर बनाए हुए हैं।


