लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमती नगर इलाके में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई महिला बैंक अधिकारी की हत्या से सनसनी फैल गई। गोमती नगर थाने के पास स्थित आईसीआईसीआई बैंक की शाखा के बाहर रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा को गोली मार दी गई। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि दिव्या मिश्रा आईसीआईसीआई बैंक की गोमती नगर शाखा में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बैंक के बाहर पति ने दिव्या को गोली मारी और इसके बाद मौके से भाग निकला। गोली लगने से दिव्या गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दिव्या और उनके पति के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। पुलिस इसी विवाद को हत्या की वजह मानकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। दिनदहाड़े बैंक के बाहर महिला अधिकारी की हत्या से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।


