33 C
Lucknow
Thursday, August 20, 2026

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में युवक की मौत, चाचा-भतीजा गंभीर घायल

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। रोशनाबाद-शमशाबाद मार्ग पर कुइया धीर तिराहे के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुआं खेड़ा खास निवासी इलियास (22) पुत्र इरशाद शाह अपने 12 वर्षीय भतीजे सगीर पुत्र सद्दीक के साथ रिश्तेदारी में रोशनाबाद गए थे। दोपहर दोनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक रोशनाबाद और शमशाबाद के बीच स्थित कुइया धीर तिराहे के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
दूसरी बाइक पर कुइया धीर निवासी अनुज कुमार (35) पुत्र विश्राम सिंह सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकों की रफ्तार अधिक होने के कारण टक्कर काफी भीषण हुई। हादसे के बाद तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने तत्काल हादसे की सूचना एंबुलेंस सेवा को दी। कुछ ही देर में 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद ले जाया गया। हादसे की सूचना मिलने पर अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जुट गई।
सीएचसी शमशाबाद में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलीम अंसारी और फार्मासिस्ट विजय कुमार ने घायलों का परीक्षण किया। चिकित्सकीय जांच के बाद अनुज कुमार को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं इलियास की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया। 12 वर्षीय सगीर का उपचार शमशाबाद सीएचसी में जारी रहा।
अनुज कुमार की मौत की खबर जैसे ही उनके गांव पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही उनकी पत्नी सोनी देवी रोते-बिलखते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं। अस्पताल में पति का शव देखते ही वह बेसुध हो गईं। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार अनुज परिवार की आजीविका चलाने वाले मुख्य व्यक्ति थे और मेहनत-मजदूरी करके पत्नी तथा अपनी चार मासूम बेटियों का पालन-पोषण करते थे। अचानक हुए हादसे में उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में ले लिया। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
शमशाबाद थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि रोशनाबाद मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article