– 11वीं-12वीं की राजनीति विज्ञान की किताबों पर काम
नई दिल्ली। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद ने पाठ्यपुस्तक विकास दल का पुनर्गठन किया है। इसके तहत कक्षा 11वीं और 12वीं की राजनीति विज्ञान की नई पाठ्यपुस्तकों को तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। नई टीम की जिम्मेदारी प्रोफेसर संदीप शास्त्री को सौंपी गई है।
नई पाठ्यपुस्तकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही पाठ्यक्रम में राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा-विद्यालयी शिक्षा 2023 की सिफारिशों को भी शामिल किया जाएगा।
पाठ्यपुस्तक विकास दल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए विषयवस्तु को अधिक समकालीन, सरल और विद्यार्थी-केंद्रित बनाना है। नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षा में समझ, विश्लेषण और आलोचनात्मक सोच को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है। राजनीति विज्ञान की नई पुस्तकों में भी इसी दृष्टिकोण को ध्यान में रखने की तैयारी है।
नई टीम कक्षा 11वीं और 12वीं की राजनीति विज्ञान की पुस्तकों की विषयवस्तु, अध्यायों और प्रस्तुतीकरण की समीक्षा करेगी। इसके बाद नई पाठ्यचर्या और शिक्षा नीति के अनुरूप संशोधित पाठ्यपुस्तकें तैयार की जाएंगी।
एनसीईआरटी की इस पहल का उद्देश्य विद्यालयी शिक्षा को नई शिक्षा नीति और नई पाठ्यचर्या रूपरेखा के अनुरूप ढालना है। नई किताबों में विद्यार्थियों की समझ विकसित करने, तार्किक चिंतन को बढ़ावा देने और विषय को वर्तमान संदर्भों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिए जाने की उम्मीद है।


