आईपीएस अधिकारी को अपने थाने की पुलिस पर नहीं है भरोसा
अंबेडकरनगर
आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्र की मां की मौत का मामला अब गंभीर सवालों में घिर गया है। पुलिस जहां मौत को हार्ट अटैक मानकर जांच कर रही है, वहीं आईपीएस अधिकारी ने मां की हत्या और शरीर से जेवर लूटे जाने का संदेह जताया है। उन्होंने स्थानीय पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं जताते हुए लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार से विवेचना दूसरे थाने की टीम से कराने की मांग की है।
आईपीएस अधिकारी के मुताबिक मां के शरीर पर मौजूद जेवर गायब हैं और अभी तक उनकी बरामदगी नहीं हो सकी है। उन्होंने मामले में कुछ लोगों द्वारा गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने की बात भी कही है। दूसरी ओर, पुलिस अब तक हत्या के आरोपों को खारिज कर चुकी है और आभूषण चोरी के पहलू से कार्रवाई कर रही है। पुलिस और आईपीएस अधिकारी के दावों में अंतर ने मौत के मामले को और पेचीदा बना दिया है। अब दूसरी टीम से जांच की मांग के बाद पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष पड़ताल पर निगाहें टिक गई हैं।


