बाराबंकी। सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के पावन अवसर पर प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा धाम में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने लगे। पूरा परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं ने मंदिर में भगवान लोधेश्वर महादेव के शिवलिंग का गंगाजल, दूध और अन्य पूजन सामग्री से विधि-विधानपूर्वक अभिषेक किया। भक्तों ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सावन के तीसरे सोमवार के साथ नाग पंचमी होने के कारण इस बार मंदिर में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ देखने को मिली। दूर-दराज से आए शिवभक्तों ने कतार में लगकर बाबा के दर्शन किए और अपनी मनोकामनाएं मांगीं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे, ताकि भक्तों को दर्शन और जलाभिषेक में किसी तरह की परेशानी न हो।


