औरैया। अरुणाचल प्रदेश की दिबांग वैली के पासू पानी आर्मी कैंप के पास अचानक आई बाढ़ के बाद सेना के जवानों के प्रभावित होने की खबर से औरैया में भी चिंता का माहौल है। हादसे में प्रभावित सात जवानों में से दो को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि पांच जवानों के लापता होने की सूचना है।
लापता जवानों में औरैया के जवान विनोद यादव के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना के बाद जवान के परिजनों में चिंता बढ़ गई है और सभी उसकी सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।
बताया गया है कि अचानक आई बाढ़ के कारण कैंप क्षेत्र में पानी का तेज बहाव हो गया, जिसकी चपेट में सेना के जवान आ गए। घटना के बाद सेना ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीमें लापता जवानों की तलाश में जुटी हुई हैं।
सेना की टीमें नदी और आसपास के प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। खराब मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद लापता जवानों को तलाशने के प्रयास जारी हैं।
हादसे की खबर से औरैया में जवान के परिवार और स्थानीय लोगों में चिंता है। परिजन सेना से लगातार संपर्क में हैं और लापता जवानों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।


